बदायूं। जिले में थाना प्रभारियों की तबादला सूची का इंतजार बुधवार देर रात खत्म हो गया। एसएसपी अंकिता शर्मा ने छह महीने बाद अपने कार्यकाल में पहली बार थानों का प्रभार बदला है। उन्होंने लापरवाह, अपराध न रोक पाने वाले और बड़े मामलों का राजफाश करने में असफल रहे इंस्पेकटरों को लाइन भेज दिया तो कुछ को साइड लाइन कर दिया।
कुल 17 निरीक्षक और उपनिरीक्षकों के तबादले में चार को गैर जनपद स्थानांतरण होने के चलते रिलीव किया गया है। इसमें जिन नए चेहरों को जिम्मेदारी गई है, उसमें कपिल को फैजगंज बेहटा और सनी चौधरी को अलापुर का थानाध्यक्ष बनाया गया है।
एसएसपी अंकिता शर्मा ने जिले की कानून व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए बड़े स्तर पर फेरबदल किया गया है। इसमें शहर कोतवाली इंस्पेक्टर संजय कुमार सिंह को प्रभारी निरीक्षक कोतवाली से पुलिस लाइन भेजा गया है।
निरीक्षक माधौ सिंह बिष्ट को अलापुर से प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बनाया गया है। निरीक्षक वेदपाल सिंह को दातागंज से गैर जनपद स्थानांतरण के फलस्वरूप पुलिस लाइन भेजा है, जबकि निरीक्षक ऋषिपाल सिंह को उघैती से प्रभारी निरीक्षक दातागंज नियुक्त किया है।
उपनिरीक्षक उदयवीर सिंह को एएचटीयू प्रभारी से थानाध्यक्ष उघैती बनाया है। वहीं निरीक्षक विदेश कुमार शर्मा को मुजरिया से हटाकर एएचटीयू का प्रभारी बनाया है। इसके अलावा उपनिरीक्षक कपिल कुमार को प्रभारी सर्विलांस सेल से थानाध्यक्ष फैजगंज बेहटा बनाया है।
इस्लामनगर के कस्बा इंचार्ज उपनिरीक्षक सनी चौधरी को थानाध्यक्ष अलापुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नए चेहरों में शेखूपुर के चौकी इंचार्ज नीरज कुमार को मुजरिया का थानाध्यक्ष, बाबूराम गौतम को जरीफनगर इंस्पेक्टर, धर्मेंद्र सिंह को पुलिस लाइन से उझानी इंस्पेक्टर जबकि लाइन से सर्वेंद्र कुमार शर्मा को बिसौली का प्रभारी निरीक्षक बनाया है।
वहीं जरीफनगर थानाध्यक्ष सुमित शर्मा, बिसौली इंस्पेक्टर केके मिश्रा, फैजगंज इंस्पेक्टर सुभाष कुमार को गैरजनपद स्थानानंतरण होने के चलते रिलीव किया गया है। इसके अलावा इंस्पेक्टर अरिहंत कुमार सिद्धार्थ को सर्विलांस सेल की जिम्मेदारी दी गई है।