गुरुग्राम। गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइकर सिया के साथ हिट एंड रन की घटना का वीडियो सोमवार को वायरल हो गया। घटना के बाद सिया ने कहा कि वे सोमवार शाम तक अपने वकील के साथ एफआईआर दर्ज कराएंगी और मामले में कानूनी कार्रवाई करेंगी।
इंस्टाग्राम स्टोरी में सिया ने लोगों के सपोर्ट के लिए आभार जताया। उन्होंने बताया कि घटना में शामिल व्यक्ति की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। कई न्यूज चैनलों और पत्रकारों से इंटरव्यू के अनुरोध आ रहे हैं, लेकिन वे मीडिया से बात नहीं करेंगी।
मैं किसी टीवी चैनल को इंटरव्यू नहीं दूंगी: सिया
सिया ने साफ कहा, "मैं अपनी पहचान या चेहरा उजागर नहीं करना चाहती और इस बार कोई इंटरव्यू नहीं दूंगी।" उन्होंने अनुरोध किया कि लोग उनके फैसले का सम्मान करें। वे अपडेट देती रहेंगी और ज्यादा जानकारी के लिए इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क करने को कहा।
सिया के अनुसार, उन्होंने असुरक्षित महसूस करते हुए आगे बढ़ना जारी रखा। वीडियो में कार उनके मोटरसाइकिल से टकराती हुई दिखती है, जिसके बाद वे गिर गईं और बाइक कई मीटर तक घिसटती चली गई। इसके बाद कार ड्राइवर भाग निकला। सिया के एक दोस्त ने कार का पीछा किया और ट्रैफिक सिग्नल पर ड्राइवर को रोका। ड्राइवर ने घटना से इनकार कर दिया और वहां से निकल गया।
कार का मालिक मनीष है, जबकि उसके दोस्त ने कार लिया था
कार मालिक मनीष ने बताया कि वाहन उनका है, लेकिन दो दिन पहले उनके दोस्त कल्याण सिंह ने लिया था। मनीष काम पर थे और घटना की जानकारी उन्हें सोमवार सुबह ही मिली। उन्होंने कल्याण से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन वे कॉल नहीं उठा रहे थे।