नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की सुरक्षा के लिए हमेशा तैनात रहने वाले मेजर ऋषभ सिंह संब्याल इन दिनों सुर्खिंयों में बने हुए हैं। वैसे तो ऋषभ सिंह संब्याल अपने साधारण व्यक्तित्व और अनुशासन के लिए सोशल मीडिया पर हमेशा सुर्खियों में रहते हैं। लेकिन इस बार वजह कुछ और है।
दरअसल राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के पूर्व एड-डी-कैंप (ADC) रहे ऋषभ सिंह संब्याल ने अपने पद से समय से पहले इस्तीफा दे दिया है। बता दें, सेना में 12 साल सेवा करने के बाद उन्होंने रिटायरमेंट ले लिया है। जिसके कारण अब लोगों में यह उत्सुकता बनी हुई है कि आखिर ऋषभ सिंह संब्याल ने पढ़ाई कहां से की और समय से पहले रिटायरमेंट लेने की क्या वजह है।
कौन हैं ऋषभ सिंह संब्याल
एड-डी-कैंप के रूप में तैनात ऋषभ सिंह संब्याल जम्मू कश्मीर के सांबा जिले के रहने वाले हैं। मेजर ऋषभ सिंह संब्याल एक ऐसे परिवार से आते हैं, जहां शुरुआत से ही घर में उन्हें देशभक्ति का माहौल मिला। ऋषभ सिंह संब्याल बचपन से ही सेना में शामिल होकर देश की सेवा करना चाहते थे। इसलिए उन्होंने अपने सपनों को पुरा करने के लिए भारतीय सेना में शामिल होने के लिए सैन्य शिक्षा का रास्ता चुना।
साल 2013 में पास किया एनडीए
ऋषभ सिंह संब्याल ने अपनी शुरुआती शिक्षा सैनिक स्कूल कपूरथला से पूरी की। उन्होंने साल 2013 में नेशनल डिफेंस एकेडमी यानी NDA की परीक्षा पास की और साल 2014 में एनडीए के 133वें कोर्स में शामिल हो गए। एनडीए में शामिल होने के बाद उन्होंने कड़ी मेहनत की और साल 2017 में इंडियन मिलिट्री एकेडमी में दाखिला लिया। उन्हें साल 2018 में जाट रेजिडेंसी में कमीशन मिला। सेवा के दौरान ही उन्हें साल 2021 में जाट रेजिमेंट की टुकड़ी में नेतृत्व करने का अवसर मिला। इस परेड में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए उन्हें बेस्ट मार्चिंग कंटिजेंट भी मिला। यही नहीं ऋषभ सिंह संब्याल 4 पैरा स्पेशल फोर्स का भी हिस्सा रह चुके हैं।
राष्ट्रपति मुर्मू के ADC के रूप में हुए नियुक्त
ऋषभ सिंह संब्याल के व्यक्तित्व, अनुशासन और सेना में उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों के कारण उन्हें साल 2023 में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के एड-डी-कैंप (ADC) के रूप में नियुक्त किया गया था। उन्होंने अपने पद पर रहते हुए राष्ट्रपति की सुरक्षा, प्रोटोकॉल, आधिकारिक प्रोग्राम और आधिकारिक यात्राओं से जुड़ी अहम भूमिका को अच्छे से निभाया।
क्यों दिया इस्तीफा
सेना से रिटायरमेंट लेने के बाद ऋषभ सिंह संब्याल की ओर से एक वीडिया जारी कर रियाटरमेंट लेने की वजह बताई गई। वीडियों में उन्होंने कहा की वर्दी पहनना उनका बचपन से ही सपना था। लेकिन उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि एक दिन उन्हें यह वर्दी उतारनी पड़ेगी। हालांकि रिटायरमेंट लेने की वजह उन्होंने पारिवारिक कारण बताया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि उनके इस फैसले का परिवार ने भी समर्थन किया है और अपनी उपलब्धि व सेवा से वह बेहद ही संतुष्ट है। रिटायरमेंट लेने के बाद उन्होंने राष्ट्रपति भवन जाकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात की।