मुंबई। महाराष्ट्र में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर दही हांडी का त्योहार पारंपरिक हर्षोल्लास, अटूट आस्था और भारी उत्साह के साथ मनाया गया। हालांकि, राज्यभर में जारी इस भव्य जश्न के बीच कुछ दर्दनाक हादसे भी सामने आए हैं, जिसने उत्सव के रंग में भंग डाल दिया।
पुणे के ओल्ड सांगवी इलाके में दही हांडी कार्यक्रम के समापन के बाद लोहे का एक अस्थायी ढांचा अचानक गिरने से 45 वर्षीय महिला की मलबे में दबकर मौत हो गई, वहीं मुंबई में दही हांडी फोड़ने के लिए ऊंचे मानव पिरामिड बनाने के दौरान 22 गोविंदा घायल हो गए हैं।
बहुमंजिला पिरामिड बनाते समय 22 गोविंदा हुए घायल
दूसरी ओर, मुंबई में ऊंचाई पर बांधी गई दही हांडी को फोड़ने के लिए बहुमंजिला मानव पिरामिड बनाने की कोशिश में 22 गोविंदा घायल हो गए। बीएमसी के अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि इन 22 घायलों में से 21 को इलाज के बाद अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई है।
अधिकारियों के मुताबिक, शहर के अस्पतालों में 20 घायलों को भर्ती कराया गया था, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया। इसके अलावा, एक पूर्वी उपनगर में घायल हुए गोविंदा को भी छुट्टी दे दी गई है, जबकि पश्चिमी उपनगर में घायल हुए एक अन्य गोविंदा का अस्पताल में इलाज चल रहा है।