जागरण संवाददाता, यमुनानगर। दुर्लभ कछुए की तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। इसमें पुलिस ने गांधी नगर के पास से 32 कछुए बरामद किए। इनमें 22 इंडियन स्टार टारटोइज व दस ब्लैक पॉन्ड टर्टल शामिल हैं। यह कछुए बैग में थे, जिसे बाइक सवार युवक मौके पर छोड़ फरार हो गया।
आरोपित की पहचान आनंद मार्केट निवासी आयुष सैनी के तौर पर की, जिस पर वन्य जीव संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। एक सितंबर की रात 10:30 बजे थाना गांधीनगर के पास पुलिस टीम गश्त कर रही थी।
इसी दौरान ईएचसी गुरदीप ने बाइक सवार संदिग्ध व्यक्ति को देखा। पूछताछ में व्यक्ति ने नाम आयुष सैनी बताया, पर पुलिस कार्रवाई के बीच वह बाइक व अपना बैग छोड़कर फरार हो गया। बैग की तलाशी लेने पर उसमें 32 कछुए मिले। सूचना पर वन्य जीव संरक्षक संजीव कुमार व सुमित कुमार पहुंचे। कोर्ट के आदेशानुसार कछुओं की फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी की प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें वन्य जीव विभाग को सौंप दिया गया।