बरारी (कटिहार)। Katihar Flood DM Ashutosh Dwivedi: कटिहार जिले में गंगा और कोसी नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर के बीच रविवार को प्रशासनिक संवेदनशीलता की एक सकारात्मक तस्वीर सामने आई। जिले के बरारी प्रखंड के सुदूर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्यों की जमीनी हकीकत परखने के लिए जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी खुद पानी में उतर पड़े। पैरों में साधारण हवाई चप्पल और नाव पर सवार होकर डीएम प्रशासनिक अमले के साथ मोहना चांदपुर पंचायत अंतर्गत कुंडी और भवानीपुर गांव पहुंचे। वहां उन्होंने बाढ़ के पानी से घिरे पीड़ितों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं और त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
इससे पहले जिलाधिकारी दक्षिणी भंडारतल पंचायत के उचला पहुंचे, जहां बीते शुक्रवार को झड़की उपबांध टूटने के कारण बाढ़ की विकट स्थिति पैदा हो गई है। डीएम ने घटनास्थल पर उपबांध के कटाव और जलभराव का सूक्ष्म निरीक्षण किया तथा प्रभावित ग्रामीणों से मिलकर ढांढस बंधाया।