SAT, 05 SEP 2026 |01:32 PM IST
Facebook
मध्य प्रदेश

इंदौर: भाई को राखी न बांध पाने के ताने पर भड़की जेठानी, 22 साल की देवरानी को चाकू से गोदा; टैंक में फेंकी लाश

1 घंटे पहले

इंदौर में राखी न बांध पाने के ताने और घर से निकालने की धमकी से गुस्साई जेठानी ने अपनी देवरानी की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी जेठानी को गिरफ्तार कर लिया है।
इंदौर: भाई को राखी न बांध पाने के ताने पर भड़की जेठानी, 22 साल की देवरानी को चाकू से गोदा; टैंक में फेंकी लाश

इंदौर में राखी न बांध पाने के ताने और घर से निकालने की धमकी से गुस्साई जेठानी ने अपनी देवरानी की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी जेठानी को गिरफ्तार कर लिया है।

इंदौर। रक्षाबंधन पर जेल में बंद भाई को राखी नहीं बांध पाने का ताना देवरानी ने जेठानी को कसा तो यह बात उसे नागवार गुजरी। दोनों में तकरार हुई। इस पर नवविवाहिता देवरानी ने जेठानी को घर से निकलवाने की धमकी तक दे दी।

इससे जेठानी ने अपना आपा खो दिया और देवरानी की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को टैंक में फेंक दिया। पुलिस ने हत्यारोपित जेठानी को गिरफ्तार किया, तब इस हत्याकांड का खुलासा हुआ।

कहां का है मामला?

मामला इंदौर जिले के राऊ थाना क्षेत्र में 22 वर्षीय नवविवाहिता वंदना पटेल की हत्या का है। वह 25 दिन पहले ही 11 अगस्त को उपेंद्र पटेल से प्रेम विवाह करके ससुराल पहुंची थी। हत्या के मामले में जेठानी पार्वती को गिरफ्तार किया गया है।

हौज में डालकर लगाया ढक्कन

पार्वती ने पहले वंदना की गर्दन पर चाकू से वार किया और नीचे गिरने के बाद पेट में भी चाकू घोंप दिया। वंदना को घसीटकर घर के पीछे बने हौज में डाल दिया और ऊपर से ढक्कन लगा दिया।

राऊ थाना प्रभारी राजपाल सिंह राठौर के अनुसार, पूछताछ में पार्वती ने गुमराह करने का प्रयास भी किया, लेकिन चाकू पर फिंगर प्रिंट और सीसीटीवी कैमरे के प्रमाण दिए तो वह टूट गई।

पूछताछ में सामने आया कि पार्वती का भाई दुष्कर्म के आरोप में दमोह जेल में बंद है। राखी के दिन पार्वती मायके नहीं गई थी। वंदना ने उससे पूछा तो पार्वती ने कथित तौर पर कहा कि उसकी बहन ने राखी बांध दी थी, इसलिए वह नहीं गई। वंदना को उसके भाई के जेल में होने की जानकारी थी। उसने इसी बात को लेकर पार्वती को ताना देना शुरू कर दिया।

बात इतनी बढ़ी कि वंदना ने पार्वती को घर से निकालने तक की धमकी दे दी। पुलिस के मुताबिक यह बात पार्वती को नागवार गुजरी। उसने कथित तौर पर मौका देखकर वंदना पर चाकू से हमला कर दिया।

पहले गर्दन, फिर पेट में वार

पुलिस के अनुसार वंदना का ध्यान दूसरी ओर था, तभी पार्वती ने उसकी गर्दन पर चाकू से हमला किया। वंदना नीचे गिर गई तो उसने पेट में भी वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद वंदना बेसुध हो गई। इसके बाद पार्वती ने शव को घसीटकर घर के पीछे बने हौज में डाल दिया और ऊपर से ढक्कन लगा दिया।

वारदात के बाद पार्वती अस्पताल चली गई। वंदना का मोबाइल बंद आने पर उपेंद्र को शक हुआ और वह तुरंत घर जा पहुंचा और हौज से वंदना को बाहर निकाला।

# latestnews # breakingnews

और खबरें